हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। मामले में पीड़ित महिला का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला ने पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं और न्याय की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय महिला ने अपने ही रिश्ते के भतीजे पर छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर डबवाली महिला थाना में पहले ही केस दर्ज किया जा चुका है, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही।
वीडियो में महिला भावुक नजर आई और उसने कहा कि यदि वह आत्महत्या जैसा कोई कदम उठाती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। महिला ने सिरसा पुलिस अधीक्षक से हाथ जोड़कर न्याय की गुहार लगाई और कहा कि महिला थाना में उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।
पीड़िता के अनुसार, अप्रैल महीने के अंत में वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी युवक घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मई के पहले सप्ताह में जब वह किसी काम से बस स्टैंड जा रही थी, तब आरोपी ने उसका पीछा किया और अश्लील हरकतें कीं।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी गुरचरण सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि पीड़िता का कहना है कि केस दर्ज होने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिल रहा।
इस मामले में आरोपी पक्ष ने भी अपनी शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी है। आरोपी पक्ष का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आरोपी ने पुलिस से पूरे प्रकरण की गहराई से जांच करने की मांग की है।
मामले में महिला थाना प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष सामने नहीं आ सका। बताया गया कि सरकारी मोबाइल नंबर पर कॉल की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
पीड़िता का वीडियो सामने आने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।





Comments are closed.